- सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले लगभग 24 व्यक्तियों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही, 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही*
- स्टेशन के आसपास होटल, लॉज, डॉर्मिटरी एवं धर्मशालाओं में दो विशेष टीमों ने की चेकिंग
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल ज़ोन में वीकेंड पर विजिबल पुलिसिंग के तहत चेकिंग एवं कार्यवाही तेज की गई। डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर एवं एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन्स, देवेंद्र नगर एवं तेलीबांधा क्षेत्र में विशेष अभियान संचालित किया गया।
पुलिस टीमों ने अड्डेबाज़ी वाले चिह्नित स्थानों, पार्किंग स्थलों, सुनसान एवं कम प्रकाश वाली गलियों, खाली मैदानों, मंदिरों एवं अन्य प्रार्थना स्थलों तथा रेलवे लाइन के आसपास सघन चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की तलाश करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ पहुँचकर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं उनकी तस्दीक की। अभियान के दौरान मिले पूर्व अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों की भी जाँच की गई तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।
वीकेंड पर जारी अभियान में कार्यवाहियों की संख्या बढ़ी है। अब तक सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए लगभग 24 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। वहीं, 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा चुकी है।
रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित होटल, लॉज, डॉर्मिटरी एवं धर्मशालाओं की चेकिंग के लिए विशेष रूप से दो टीमें गठित की गईं। टीमों ने वहाँ ठहरे मुसाफिरों के पहचान संबंधी दस्तावेजों एवं उपलब्ध अभिलेखों की जाँच कर तस्दीक की तथा संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की।
सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने, अड्डेबाज़ी एवं शराबखोरी पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान जारी है। आगे की चेकिंग में कार्यवाहियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
