लॉस एंजिल्स । अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में शनिवार शाम 5.0 तीव्रता का भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके लॉस एंजिल्स सहित आसपास के कई शहरों और क्षेत्रों में महसूस किए गए। झटकों के कारण लॉस एंजिल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने जा रहे कई विमानों को वापस भेजना पड़ा। वहीं, हवाई अड्डे के एक टर्मिनल की छत से टाइलें गिर गईं। इसके अलावा कई दुकानों में अलमारियों पर रखा सामान नीचे गिर गया। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र मैनहट्टन बीच से लगभग छह किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में और जमीन से करीब 12 किलोमीटर नीचे स्थित था। शुरुआती भूकंप के बाद क्षेत्र में कम से कम 40 बार हल्के झटके भी महसूस किए गए। इनमें सबसे तेज झटके की तीव्रता 3.7 दर्ज की गई।
भूकंप का असर लॉस एंजिल्स, सांता मोनिका और पासाडेना सहित आसपास के कई इलाकों में देखने को मिला। झटकों के बाद लॉस एंजिल्स अग्निशमन विभाग ने शहर में व्यापक स्तर पर सुरक्षा और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। इसके लिए शहर के सभी 106 अग्निशमन केंद्रों से दलों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है। ये दल इमारतों को हुए संभावित नुकसान और अन्य प्रभावों की जांच कर रहे हैं। लॉस एंजिल्स अग्निशमन विभाग की प्रवक्ता लिंडसे लैंट्ज ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी इमारत को संरचनात्मक नुकसान पहुंचने या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।वहीं, लॉस एंजिल्स की महापौर कैरेन बास ने कहा कि प्रशासन की टीमें स्थिति का आकलन कर रही हैं। साथ ही भूकंप से संभावित नुकसान और उसके प्रभावों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
