नई दिल्ली। देशभर में शादी का सीजन शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुल्हन के लहंगे, सोने-चांदी के आभूषण, सजावट, खानपान और वेडिंग प्लानिंग से जुड़े कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। इस बार दिल्ली-एनसीआर में शादी समारोहों के चलते करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार, 15 दिसंबर तक देशभर में करीब 52 लाख और दिल्ली-एनसीआर में लगभग पांच लाख शादियां होने की संभावना है। इनसे देश में करीब 7.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। खास बात यह है कि देश की कुल शादियों में दिल्ली-एनसीआर की हिस्सेदारी करीब 9.6 प्रतिशत है, जबकि कारोबार में इसकी हिस्सेदारी लगभग 33 प्रतिशत रहने का अनुमान है। दिल्ली के प्रमुख बाजारों में शादी की खरीदारी तेज हो गई है। चांदनी चौक और करोल बाग में सोने-चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ी है, वहीं गांधी नगर में लहंगे और कपड़ों की खरीदारी हो रही है। सदर बाजार में उपहार और सजावट के सामान तथा खारी बावली में मेवे, मसाले और खानपान की सामग्री की बिक्री बढ़ रही है।
शादी से कई कारोबारों को मिल रहा बढ़ावा
कैट के अनुमान के मुताबिक, शादी के कुल कारोबार में 54 प्रतिशत हिस्सा सामान की खरीदारी और 46 प्रतिशत हिस्सा सेवाओं का है। इस सीजन में कैटरिंग और खानपान से 75 हजार करोड़, बैंक्वेट हॉल और होटलों से 60 हजार करोड़ तथा इवेंट मैनेजमेंट और वेडिंग प्लानिंग से 37,500 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। इसके अलावा फूलों की सजावट, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, संगीत, लाइट-साउंड, परिवहन और ब्यूटी सेवाओं से जुड़े कारोबारियों को भी फायदा मिलने की संभावना है। कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में शादी का कारोबार दोगुना हो चुका है। वहीं, ज्वैलरी बाजार में ग्राहक भारी आभूषणों के साथ हल्के और रोजाना इस्तेमाल किए जा सकने वाले डिजाइनों को भी पसंद कर रहे हैं।
