इतिहास रच दिया, भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को रौंदा, चौथी बार ट्रॉफी अपने नाम

Follow Us

भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने प्रतियोगिता के इतिहास में अपना चौथा खिताब भी जीत लिया। खिताबी मुकाबले में भारत की जीत की नायिका दीपिका रहीं, जिन्होंने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो शानदार गोल किए। वहीं इशिका ने एक फील्ड गोल करके टीम की जीत में अहम योगदान दिया। चीन की ओर से एकमात्र गोल चेन युजुन ने किया।

दीपिका ने दो गोल कर पलटा मैच
फाइनल मुकाबले की शुरुआत में चीन ने आक्रामक खेल दिखाया और भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाया। चीन को 25वें मिनट में सफलता मिली, जब चेन युजुन ने फील्ड प्रयास के जरिए गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में भारतीय टीम बराबरी के लिए संघर्ष करती रही।

हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। 38वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 1-1 की बराबरी दिला दी। इसके बाद 42वें मिनट में इशिका ने नेहा गोयल और नवनीत कौर के बेहतरीन तालमेल के बाद मिले मौके को गोल में बदलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

इसके ठीक एक मिनट बाद यानी 43वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक फ्लिक लगाकर गोल कर दिया। इस गोल के साथ भारत की बढ़त 3-1 हो गई। इसके बाद भारतीय टीम ने चीन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

10 गोल के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनीं दीपिका
भारतीय टीम की जीत में दीपिका का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 10 गोल किए और सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं। इनमें नौ गोल पेनल्टी कॉर्नर और एक गोल फील्ड प्ले के जरिए आया।

टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। राउंड रॉबिन चरण में भी भारत ने चीन को 6-2 से हराया था। इसके बाद फाइनल में एक बार फिर चीन को मात देकर टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया। इससे पहले भारत ने 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में आयोजित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। अब 2026 में तीसरी बार लगातार ट्रॉफी जीतकर भारतीय टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी है।

मुख्यमंत्री साय प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में हुए शामिल

विश्व रैंकिंग में भी हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि
भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह साल कई मायनों में यादगार रहा है। 25 नवंबर को जापान के खिलाफ 4-0 की जीत के बाद भारतीय टीम विश्व रैंकिंग में अपने इतिहास के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गई थी। इसके अलावा इस साल एशियन गेम्स में चीन को 1-0 से हराकर भारतीय टीम ने 2028 ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालिफाई किया था। भारतीय महिला हॉकी टीम की यह खिताबी जीत देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। दीपिका, इशिका और पूरी टीम के शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत की ताकत साबित कर दी है।