रायपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं विधायक ललित चंद्राकर ने कहा है कि संगठन ने उन्हें जो राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उनका लक्ष्य देशभर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा को मजबूत करना और अधिक से अधिक ओबीसी समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ना है।
शनिवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, बोरियाकला के जावली भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में ललित चंद्राकर ने कहा कि पूरे देश में भाजपा का पिछड़ा वर्ग मोर्चा सबसे अधिक संख्या वाला मोर्चा है। राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। चंद्राकर ने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता योग्य होता है और संगठन उसकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी सौंपता है। शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें देशभर में संगठन को मजबूत करने का अवसर दिया है। वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाते हुए ओबीसी समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछड़ा वर्ग समाज को सम्मान दिया है और लगातार समाज के लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देशहित में कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया और पार्टी का राजनीतिक स्तर लगातार गिरता जा रहा है। ललित चंद्राकर ने दोहराया कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई जिम्मेदारी के माध्यम से उनका प्रयास ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ाने और भाजपा संगठन को देशभर में और मजबूत बनाने का रहेगा।
