मुंबई इंडियंस को इस समय एक नई दिशा की जरूरत है: रोहित शर्मा

Follow Us

मुम्बई। मुंबई इंडियंस के एक बार फिर से कप्तान बनाये गये रोहित शर्मा ने कहा कि टीम को इस समय एक नई दिशा की जरूरत है। अगर वह दिशा मैं दे सकता हूं, तो मुझे इस टीम को आगे ले जाने में खुशी होगी। एमआई टीवी पर टीम के मालिक आकाश अंबानी के साथ हुई बातचीत के बारे में रोहित ने कहा, “शुरुआत में मेरा ईमानदार जवाब यही था कि मैं इस समय इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे इस बारे में दोबारा सोचने के लिए घर जाना पड़ा, क्योंकि बहुत कुछ हो चुका था। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि इस टीम को एक लीडर के तौर पर मेरी जरूरत है। लेकिन इस टीम को अभी एक दिशा की जरूरत है। और अगर वह दिशा मैं दे सकता हूं, तो मुझे इस टीम को आगे ले जाने में खुशी होगी। मैं घर गया और इस बारे में सोचा। मैंने समझने की कोशिश की कि मैं क्या कर सकता हूं और क्या नहीं। क्या मैं एक बार फिर इस टीम की कप्तानी कर सकता हूं या नहीं। मैंने इन सभी बातों पर विचार किया।”

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2013 के बीच में रिकी पॉन्टिंग से कप्तानी संभालने के बाद रोहित ने एमआई की वापसी में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में टीम का हाल के सीज़न में लगातार संघर्ष करना उनके लिए समझना मुश्किल था। धीरे-धीरे यह बात साफ़ होने लगी थी कि कुछ बुनियादी बदलाव करने की जरूरत है। रोहित की वापसी से एमआई के नेतृत्व ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। उन्हें दो मज़बूत विकल्पों पर तरजीह दी गई है- भारत को टी-20 विश्व कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव और तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह। वहीं, आईपीएल 2024 से पहले रोहित की जगह एमआई के कप्तान बने हार्दिक पंड्या को ट्रेड के ज़रिए पंजाब किंग्स भेज दिया गया है।

डफी ओर जेमीसन ने झटके दो-दो विकेट, न्यूजीलैंड ने मैच पर बनाई पकड़

उन्होंने कहा, “हमारा पिछला सीजन बेहद निराशाजनक रहा। केवल मैं ही नहीं, बल्कि कई दूसरे खिलाड़ी भी इस बात से बहुत निराश थे कि हम किस तरह खेल रहे थे। जब आप अच्छा नहीं खेलते और आपकी टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं करती, तो निराशा होती है। उस समय हर कोई इसी दौर से गुज़र रहा था। यह सभी के लिए मुश्किल समय था। जब मैं घर गया, तो मैंने इस बारे में सोचा। यह वह टीम नहीं है, जैसी कभी हुआ करती थी। हमें फिर से उसी स्तर पर लौटना होगा। और इसके लिए हम क्या कर सकते हैं। लेकिन बहुत सी चीज़ों पर सोचने के बाद मुझे लगा कि यह वही टीम है जिसे आपने बनाया है। 10 साल तक आपने इस टीम की कप्तानी की है। मुझे लगा कि अब एक बार फिर इस चुनौती को स्वीकार करने का समय है।”

उन्होंने कहा, “निराशा क्वालिफाई नहीं कर पाने को लेकर नहीं थी। निराशा इस बात की थी कि हम अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहे थे। खिलाड़ियों को जो जिम्मेदारियां दी गई थीं, वे उन्हें ठीक से निभा नहीं पा रहे थे। जब आप हार रहे होते हैं, तो ऐसा होना स्वाभाविक है। आपके साथ मोमेंटम नहीं होता, दूसरी टीमें अच्छा खेल रही होती हैं। वे आप पर ज्यादा दबाव बनाती हैं और उसका फ़ायदा उठाती हैं। लेकिन हम उस दबाव का जवाब नहीं दे पा रहे थे। और इसमें सभी शामिल थे। केवल एक या दो खिलाड़ी नहीं, बल्कि पूरी एमआई टीम नाकाम हो रही थी।”

उन्होंने कहा, “पॉली एमआई के दिग्गज रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने कई साल तक मुश्किल से मुश्किल हालात में टीम को बाहर निकाला है। वह पिछले कुछ साल से कोचिंग की भूमिका में हैं और बैटिंग कोच के तौर पर काम कर चुके हैं। इसलिए उन्हें पता है कि टीम में क्या चल रहा है। वह इस टीम की अहमियत, इसकी संस्कृति और एमआई के लिए खेलने का मतलब समझते हैं। वह इन सभी बातों को समझते हैं, क्योंकि जब वह खेलते थे, तब अक्सर हमारी ड्रेसिंग रूम में इन चीजों पर बात किया करते थे। इसलिए जब आपकी टीम इस तरह मुश्किल दौर में हो, तो जिम्मेदारी संभालने के लिए उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता। उन्होंने इस टीम के हर तरह के दिन देखे हैं। अच्छे दिन भी और बुरे दिन भी।”

धान खरीदी में किसानों को न हो परेशानी, कलेक्टरों को निर्देश: सीएम साय

उन्होंने कहा, “जब मैं कप्तान था, तब वह उपकप्तान थे। मैं उनसे बात करने जाया करता था। हमने कई बार ऐसी चीज़ों पर चर्चा की है। मैं उनसे हेड कोच या किसी ख़ास पद पर बैठे व्यक्ति की तरह नहीं, बल्कि एक दोस्त की तरह बात करना चाहूंगा। जब हम खेलते थे, तब वह उपकप्तान थे और मैं हमेशा उनकी राय पर भरोसा करता था, क्योंकि खेल को लेकर उनकी समझ काफ़ी अच्छी थी। उन्हें पता था कि क्या करने की जरूरत है। किसी न किसी तरह हमारी सोच काफ़ी मिलती-जुलती थी।”

आईपीएल 2027 मौजूदा नीलामी चक्र का आखिरी सीजन होगा। इसके बाद अगला मेगा नीलामी होगी। हालांकि, रोहित इस वक़्त बहुत आगे की नहीं सोचना चाहते। इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह प्रतियोगिता में उनका आखिरी सीजन हो सकता है। उन्होंने कहा, “इसमें कोई शक नहीं कि यह साल बहुत रोमांचक होने वाला है। लेकिन मैं अभी बहुत आगे की नहीं सोचना चाहता। मेरे सामने जो आता है, मैं पहले उस पर ध्यान देना चाहता हूं और फिर आगे बढ़ना चाहता हूं। मैंने अपनी जिंदगी में हमेशा यही किया है। जो चीज सामने आती है, मैं उसे अच्छी तरह करना चाहता हूं। उसमें अपना पूरा दिल और जान लगा देना चाहता हूं और फिर आगे बढ़ता हूं।”