भारत को नवाचार आधारित दवाओं की खोज और विकास का वैश्विक केंद्र बनाना लक्ष्य : जितेंद्र सिंह

Follow Us

0-लखनऊ के सीएसआईआर-सीडीआरआई में अत्याधुनिक जैव सुरक्षा सुविधा और डॉ. बी. मुखर्जी व्याख्यान सभागार का उद्घाटन, संक्रामक रोगों पर अनुसंधान को मिलेगी गति

लखनऊ। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत को जेनेरिक दवाओं के प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी स्थापित पहचान से आगे बढ़कर नई और नवाचार आधारित दवाओं की खोज एवं विकास में वैश्विक नेतृत्व हासिल करना होगा। इसके लिए स्वदेशी अनुसंधान, नैदानिक विकास और उद्योगों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है। यह बदलाव औषधि क्षेत्र में भारत की स्थिति मजबूत करने के साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज लखनऊ स्थित सीएसआईआर-केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआई) में अत्याधुनिक जैव सुरक्षा स्तर-3 (बीएसएल-3)/पशु जैव सुरक्षा स्तर-3 (एबीएसएल-3) सुविधा और डॉ. बी. मुखर्जी व्याख्यान सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत की नवाचार क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि देश नवाचार आधारित दवाओं की खोज और विकास का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में सीएसआईआर-सीडीआरआई की निदेशक डॉ. राधा रंगराजन, सीएसआईआर-केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीमैप) के निदेशक डॉ. प्रबोध के. त्रिवेदी, सीएसआईआर-सीडीआरआई की पूर्व निदेशक डॉ. मधु दीक्षित सहित जबलपुर स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)-राष्ट्रीय जनजातीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान, उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई और लखनऊ के मेदांता अस्पताल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इनके अलावा वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मचारियों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

स्वदेशी अपनाना केवल विकल्प नहीं, यह देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है – साव

संक्रामक रोगों पर शोध को मिलेगी मजबूती
नई बीएसएल-3/एबीएसएल-3 सुविधा में माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस और गैर-ट्यूबरकुलस माइकोबैक्टीरिया (एनटीएम) जैसे संक्रामक जीवाणुओं पर सुरक्षित वातावरण में अनुसंधान किया जा सकेगा। इससे गंभीर संक्रामक रोगों पर शोध करने की संस्थान की क्षमता और मजबूत होगी।

केंद्रीय मंत्री ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जनजातीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान, उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय और मेदांता अस्पताल के साथ सीएसआईआर-सीडीआरआई के सहयोग समझौतों का भी स्वागत किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन साझेदारियों से संयुक्त अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा, शोध के निष्कर्षों को मरीजों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज होगी और समाज को व्यापक लाभ मिलेगा।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार देश के विकास के प्रमुख आधार बन गए हैं। सरकार ऐसे अनुसंधान को प्राथमिकता दे रही है, जो आम लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करे और उनके लिए उपयोगी समाधान उपलब्ध कराए। दवाओं की खोज एवं नैदानिक विकास से लेकर जांच तकनीकों, औषधि निर्माण प्रक्रियाओं और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं तक सीएसआईआर-सीडीआरआई का योगदान इसका अच्छा उदाहरण है।

13 दवाएं विकसित कर चुका है संस्थान
सीएसआईआर-सीडीआरआई अब तक 13 ऐसी दवाएं विकसित कर चुका है, जो बाजार में उपलब्ध हैं। संस्थान ने 80 से अधिक प्रक्रिया प्रौद्योगिकियों और छह जांच तकनीकों का उपयोग करने के अधिकार भी विभिन्न संस्थाओं को दिए हैं। इसके अलावा, संस्थान के शोधकर्ताओं ने 12 हजार से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा 456 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और 586 भारतीय पेटेंट के लिए आवेदन दाखिल किए हैं।

श्रवण यंत्र मिलने से विमला बाई के जीवन में लौटी खुशियों की आवाज, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार

संस्थान के पास लगभग 90 हजार अणुओं का संग्रह, 50 से अधिक पशु मॉडल और 30 से अधिक प्रयोगशाला आधारित जांच प्रणालियां उपलब्ध हैं। यहां उन्नत विश्लेषण उपकरणों के साथ दवाओं की सुरक्षा और विषाक्तता की जांच के लिए विशेष सुविधाएं भी मौजूद हैं।

सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थान के योगदान का उल्लेख करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने सेंटक्रोमैन का उदाहरण दिया, जिसे ऑरमेलोक्सीफीन के नाम से भी जाना जाता है। यह सीडीआरआई द्वारा विकसित गैर-स्टेरॉयड आधारित गर्भनिरोधक दवा है, जिसका सेवन सप्ताह में एक बार मुंह से किया जाता है। वर्ष 2016 में इसे राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम में शामिल किया गया था। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से देशभर की महिलाओं को इसकी तीन करोड़ 50 लाख से अधिक पट्टियां नि:शुल्क वितरित की गई हैं। वर्तमान में पांच लाख से अधिक महिलाएं इसका उपयोग कर रही हैं।

कई नई दवाओं पर चल रहा अनुसंधान
केंद्रीय मंत्री ने सीडीआरआई की दवा विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इनमें पिक्रोराइजा कुरोआ का मानकीकृत अर्क भी शामिल है। इसे चयापचय संबंधी विकार से जुड़े वसायुक्त यकृत रोग (एमएएसएलडी) के उपचार के लिए विकसित किया जा रहा है। इस दवा का तीसरे चरण का नैदानिक परीक्षण पूरा हो चुका है।

संस्थान की खोजी गई दो अन्य दवाएं भी नैदानिक परीक्षण के पहले चरण में पहुंच चुकी हैं। इनमें एल-ऑरमेलोक्सीफीन गर्भनिरोध के लिए और एस007-1500 हड्डियों के फ्रैक्चर को ठीक करने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है। इसके अलावा, संस्थान मलेरिया, कैंसर, नसों से जुड़े दर्द और उम्र बढऩे के कारण आंखों के मैक्युला को होने वाले नुकसान सहित कई बीमारियों पर अनुसंधान कर रहा है। कैंसर और पार्किंसन रोग के उपचार के लिए पौधों पर आधारित औषधियां विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।

प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दुर्ग आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अरुण वोरा ने जताया आभार

जेनेरिक दवाओं से आगे बढऩे की जरूरत
डॉ. सिंह ने कहा कि दवा उत्पादन की मात्रा के आधार पर भारत दुनिया में तीसरे और मूल्य के आधार पर 11वें स्थान पर है। भारत जेनेरिक दवाओं के सबसे बड़े आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है। देश अफ्रीका की 50 प्रतिशत से अधिक और अमेरिका की लगभग 40 प्रतिशत जेनेरिक दवाओं की मांग पूरी करता है। उन्होंने कहा कि अब भारतीय औषधि उद्योग को केवल जेनेरिक दवाओं के निर्माण तक सीमित न रहकर नई और प्रभावी दवाओं की खोज एवं विकास की दिशा में आगे बढऩा होगा।

उन्होंने कहा कि नई दवाओं की खोज और विकास एक जटिल, महंगी और जोखिम भरी प्रक्रिया है। इसके लिए लंबे समय तक निवेश और प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है। राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों को अत्याधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान, नए लक्ष्यों और उपचार पद्धतियों की खोज तथा ठोस शोध परिणामों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, दवा कंपनियों को इन खोजों को आगे बढ़ाकर नैदानिक परीक्षण और व्यावसायिक उपयोग तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की बेहतर व्यवस्था और अनुसंधान के शुरुआती चरण में ही उद्योगों की भागीदारी से प्रयोगशालाओं में हुए शोध को मरीजों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज की जा सकती है। उन्होंने जायडस, सिप्ला, डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज, हिमालया, थेमिस मेडिकेयर और विभिन्न नवोद्यमों के साथ सीडीआरआई के सहयोग की सराहना की। उन्होंने संस्थान से दवा उद्योग के लिए अनुसंधान और नवाचार के प्रमुख भागीदार के रूप में अपनी भूमिका और मजबूत करने का आग्रह किया।

BREAKING : राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, सड़क हादसे का शिकार हुई, गनमैन और ड्राइवर भी हुए घायल, इलाज जारी

कृत्रिम बुद्धिमत्ता से दवा खोज में आएगा बदलाव
डॉ. जितेंद्र सिंह ने दवाओं की खोज में नई तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, संगणकीय विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के एकीकरण से दवा खोज की प्रक्रिया में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने वैज्ञानिकों से नए विचारों के साथ महत्वाकांक्षी अनुसंधान करने तथा चिकित्सकों, अस्पतालों और उद्योगों के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दवाओं की खोज और विकास के प्रत्येक चरण में मरीज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने वैज्ञानिक क्षमता निर्माण में सीडीआरआई के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि संस्थान अब तक दो हजार से अधिक पीएचडी शोधार्थियों और दस हजार से अधिक प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दे चुका है। उन्होंने कहा कि कुशल शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ और नियामक क्षेत्र के जानकार किसी भी मजबूत नवाचार व्यवस्था के लिए आवश्यक हैं। सीडीआरआई से प्रशिक्षित पेशेवरों का शिक्षा, नवोद्यमों, उद्योगों और अनुसंधान संस्थानों में योगदान देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि सीएसआईआर-सीडीआरआई स्वदेशी दवा अनुसंधान एवं विकास की भारत की क्षमता को लगातार मजबूत करता रहेगा और विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उरला औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, 242 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के कथन—”सपने देखो, सपने विचारों में बदलते हैं और विचार कार्य का रूप लेते हैं”—का उल्लेख करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक समुदाय से बड़े सपने देखने, वैज्ञानिक विचारों को नई खोजों में बदलने और ऐसी दवाएं विकसित करने का आह्वान किया, जो लोगों का जीवन बेहतर बनाने के साथ उसे बचाने में भी सहायक हों।