‘उन्हें मिल रहा है तो हमें भी दीजिए’, पेंशनर्स महासंघ ने महंगाई राहत की समान दर मांगी

Follow Us

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई ने संविधान दिवस के अवसर पर राज्य सरकार से पेंशनरों के साथ महंगाई राहत के मामले में हो रहे भेदभाव को समाप्त करने की मांग की है। महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि प्रदेश में रहने वाले अखिल भारतीय सेवा और राज्य की बिजली कंपनियों के पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान दर और देय तिथि से महंगाई राहत दी जा रही है, तो राज्य सेवा के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।

नामदेव ने कहा कि महंगाई का असर सभी वर्गों पर समान रूप से पड़ता है। सभी कर्मचारी और पेंशनर एक ही बाजार से राशन, दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं समान कीमत पर खरीदते हैं। ऐसे में महंगाई राहत के मामले में अलग-अलग व्यवस्था उचित नहीं है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार जनवरी और जुलाई से महंगाई राहत लागू करती है, जबकि राज्य सरकार द्वारा इसे विलंबित तिथियों से स्वीकृत किए जाने के कारण पेंशनरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 8 से 9 वर्षों में केंद्र की देय तिथि से महंगाई राहत नहीं मिलने के कारण राज्य सेवा के पेंशनरों का करीब 90 माह का डीआर एरियर लंबित हो गया है। नामदेव ने कहा कि महंगाई राहत पेंशनरों की जीवनयापन संबंधी जरूरतों से जुड़ी है और इसे सरकारी कृपा नहीं, बल्कि उनका अधिकार माना जाना चाहिए। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14 में समानता के अधिकार और अनुच्छेद 21 में गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार का उल्लेख करते हुए सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

महासंघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष द्रौपदी यादव, बी.के. वर्मा, आलोक त्रिवेदी और लोचन पांडेय, महामंत्री अनिल गोल्हानी एवं प्रवीण कुमार त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी मांग का समर्थन किया है। महासंघ ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से आग्रह किया है कि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर राज्य सेवा के पेंशनरों को केंद्र के समान दर और देय तिथि से महंगाई राहत देने का आदेश जारी किया जाए। साथ ही करीब 90 माह के लंबित डीआर एरियर के भुगतान के लिए भी शीघ्र निर्णय लिया जाए।