रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में दुबई में गिरफ्तार विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उसे 13 नवंबर को दुबई में गिरफ्तार किया गया था। अब यूएई सरकार की ओर से डिपोर्ट किए जाने के बाद उसे रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू की विशेष टीम जल्द ही यूएई रवाना होगी। अगले एक सप्ताह के भीतर उसे भारत लाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, विकास अग्रवाल को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू प्रमुख सहित तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की टीम यूएई जाएगी। विदेश दौरे और डिपोर्टेशन से संबंधित जरूरी कानूनी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में कथित शराब घोटाले में अवैध लेन-देन और रकम के अंतिम लाभार्थियों से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, विकास अग्रवाल वर्ष 2014-15 में नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेके लेता था। बाद में होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकी बढ़ी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह करीब 1,200 करोड़ रुपये के कथित सिंडिकेट का मैनेजर बन गया था। डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूली के साथ शराब कारोबार के विभिन्न हिस्सों से होने वाली कथित अवैध कमाई का हिसाब भी वही रखता था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, वसूली की नकदी बोरियों और कार्टून में रखी जाती थी। रकम छिपाने के लिए रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट खरीदे जाने का आरोप है। तीन मई को बिलासपुर में उसके भाई विवेक अग्रवाल के घर तलाशी के दौरान सोना, चांदी और नकदी मिलने की बात भी सामने आई थी। आरोप है कि सुब्बू ने कथित वसूली की रकम में से करीब 1,200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई पहुंचाए और जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश चला गया। बाद में उसने अपने परिवार को भी यूएई बुला लिया था।
शराब घोटाला मामले में दुबई से उसकी गिरफ्तारी को विदेश में छिपे आर्थिक अपराध के आरोपियों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में केके श्रीवास्तव को छोड़कर अन्य प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर बताए जा रहे हैं। इनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल सहित अन्य नाम शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ मामले में जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
