कन्नौज में एक्सप्रेसवे पर स्कूली बस और ट्रक में टक्कर, चार बच्चों की मौत, 25 घायल

Follow Us

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। बस में 50 विद्यार्थियों समेत कुल 60 लोग सवार थे। सभी आगरा में पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। सोमवार रात करीब 12 बजे बस आगरा से कौशांबी के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन-210 के पास बच्चों को शौच कराने के लिए बस रोकी गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

सोनिया की किताब में छूट गईं हैं कई बातें : राहुल गांधी

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़ गईं। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची ठठिया थाना पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहगीरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान आर्यन चौरसिया (14) पुत्र प्रेमकुमार चौरसिया और रजीउल्ला (16) पुत्र समीउल्ला, निवासी अफजलपुरवारी, मोहब्बतपुर, कौशांबी तथा जैद मिर्जा (17) पुत्र रियाज अहमद, निवासी निदौरा, फतेहपुर और अरमान (17) पुत्र रियाज अहमद, निवासी गौरे, खागा, फतेहपुर के रूप में हुई है। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक बस में 50 बच्चे, आठ शिक्षक तथा चालक और परिचालक समेत कुल 60 लोग सवार थे। प्रारंभिक तौर पर ट्रक चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यूरोपीय संघ में दवा प्रतिरोधी सुपरबग संक्रमणों के बढ़ते मामलों पर डब्ल्यूएचओ चिंतित