दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के करीब 441 करोड़ रुपये के कागज खरीद टेंडर में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों की किताबों की छपाई के लिए कागज खरीदने की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई और बाजार भाव से करीब 47 फीसदी अधिक कीमत पर बोली लगाई गई। संजय सिंह ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
संजय सिंह ने शाह पेपर मिल्स लिमिटेड और सिल्वर टोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि दोनों कंपनियों को करीब 441 करोड़ रुपये के कागज की आपूर्ति का ठेका दिया गया। उनके मुताबिक, असम सरकार ने वर्ष 2024-25 में एक ही आईपी एड्रेस से टेंडर दाखिल करने के मामले में इन कंपनियों को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया था। इसके बावजूद NCERT की ओर से उन्हें इतना बड़ा सरकारी ठेका दिए जाने पर उन्होंने टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता और अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
आप सांसद ने आरोप लगाया कि दोनों कंपनियों ने आपसी मिलीभगत से टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लिया और पहले से ही ठेका किसे मिलेगा, यह तय था। उन्होंने महाराष्ट्र हाईकोर्ट का भी जिक्र करते हुए कंपनियों को राहत नहीं मिलने का दावा किया। संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी, कितनी रिश्वत खाकर टेंडर दिया गया, यह बताइए।” उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले पर जवाब मांगा और कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा संजय सिंह ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में पड़े आठ वोटों को अमान्य घोषित कर दिया गया था। 20 फरवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने आठों मतपत्रों को वैध मानते हुए भाजपा उम्मीदवार की जीत रद्द कर दी थी और AAP उम्मीदवार कुलदीप कुमार को मेयर निर्वाचित घोषित किया था। संजय सिंह ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी आगामी चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मतों का सम्मान और निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं।
