यूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ीं मुश्किलें, 2018 के मानहानि मामले में कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

Follow Us

नई दिल्ली। मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में लगातार पेश न होने पर उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने शिकायतकर्ता सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। बताया गया है कि इससे पहले भी राठी के खिलाफ दो वारंट जारी किए जा चुके हैं। मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को निर्धारित की गई है। यह मामला वर्ष 2018 का है, जब ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर विकास पांडे को लेकर एक वीडियो अपलोड किया था। इसके बाद पांडे ने उनके खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। जुलाई 2019 में अदालत ने पहली बार ध्रुव राठी को समन जारी किया था। बीते अक्टूबर में भी कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। अदालत को बताया गया था कि नोटिस तामील कराने के लिए पहुंचने पर उनका ठिकाना बंद मिला था।

गौरतलब है कि हाल ही में ध्रुव राठी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली में हुए प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए थे। उन्होंने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और 10 अक्टूबर को आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान गुरुग्राम स्थित उनके घर से उन्हें हिरासत में लिए जाने की बात भी सामने आई थी। ध्रुव राठी देश के चर्चित यूट्यूबर्स में शामिल हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 3.33 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं। वह सामाजिक, राजनीतिक और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बनाते हैं। उनके वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहते हैं। हालांकि, उनके कंटेंट को लेकर कई बार राजनीतिक और वैचारिक बहस भी देखने को मिलती है।