विश्व मात्स्यिकी दिवस पर अंबिकापुर में जुटे 400 मत्स्य पालक, जशपुर के 70 किसानों ने लिया हिस्सा

Follow Us

जशपुरनगर। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर ऑडिटोरियम, पीजी कॉलेज अंबिकापुर में संभाग स्तरीय एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से लगभग 400 मत्स्य पालक किसानों ने हिस्सा लिया। जशपुर जिले के सभी विकासखंडों से 70 मत्स्य पालक किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सरगुजा के उपाध्यक्ष देवनारायण यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की सभापति दिव्या सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य अनिमा केरकेट्टा एवं नानमणि पैंकरा, राजेंद्र पैंकरा, श्रवण यादव और सुजान बिंद सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी एवं मत्स्य निरीक्षक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी और रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने झींगा पालन और तिलापिया मछली पालन की उन्नत विधियों, उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा मत्स्य पालन से आय में वृद्धि की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में 11 खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 23-24 नवम्बर को आयोजन

इस दौरान किसानों को राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं, उनके लाभ और पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य पालक किसानों को नई तकनीकों और शासकीय योजनाओं से जोड़कर मत्स्य उत्पादन तथा उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रोत्साहित करना रहा।