CG Crime: समूह की रकम में 4.14 लाख की गड़बड़ी, दुर्ग में अध्यक्ष पर मामला दर्ज

Follow Us

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नगपुरा में महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष पर सदस्यों के 4,14,800 रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी अध्यक्ष ने समूह के सरकारी कोष और सदस्यों की बचत राशि को बैंक खाते में जमा करने के बजाय अपने व्यक्तिगत उपयोग के लिए खर्च कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

बैंक में राशि न मिलने पर हुआ धोखाधड़ी का खुलासा:
शिकायत के अनुसार 18 नवंबरको समूह की सचिव सजनी मांडले ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नगपुरा शाखा पहुंचकर खाते की जानकारी ली। वहां पता चला कि सदस्यों द्वारा हर महीने जमा कराई गई राशि बैंक खाते में आई ही नहीं है। इसके बाद समूह की सभी महिलाएं अध्यक्ष कीर्ति मांडले के घर पहुंचीं और जमा पैसों का हिसाब मांगा। अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि वह राशि खर्च कर चुकी है और उसे वापस नहीं लौटा सकती। उसने बताया कि जमा पैसों से उसने स्कूटी, टीवी, फ्रिज और घरेलू सामान खरीद लिए हैं। दिवाली के समय भी जब सदस्य अपनी जमा पूंजी मांगने पहुंचे थे, तो उन्हें टाल दिया गया था।

मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के दिए निर्देश

सरकारी कोष और बचत की रकम की गई खुर्द-बुर्द:
नगपुरा निवासी 30 वर्षीया सजनी मांडले ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि समूह को 30 नवंबर, 2024 को सरकारी फंड से 1,50,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी, जिसे अध्यक्ष ने अपने पास रख लिया। इसके अतिरिक्त जुलाई, 2022 से सितंबर, 2026 के बीच 12 सदस्यों ने बचत के रूप में कुल 62,000 रुपये जमा कराए थे। यही नहीं, सितंबर, 2025 से सितंबर, 2026 के मध्य बीसी योजना से जुड़ीं 13 महिलाओं से भी 2,02,800 रुपये एकत्र किए गए थे। इस प्रकार कुल 25 सदस्यों के 4,14,800 रुपये की भारी राशि का गबन किया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला:
गांव की 12 महिलाओं ने मिलकर ‘सपुरा माता सहायक सहायता समूह’ का गठन किया था। सदस्यों ने सर्वसम्मति से कीर्ति मांडले को अध्यक्ष और सजनी मांडले को सचिव नियुक्त किया था। धोखाधड़ी सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक पड़ताल के पश्चात आरोपी अध्यक्ष के विरुद्ध केस पंजीकृत किया है। पुलिस बैंक खाते के लेनदेन, सरकारी अनुदान की निकासी और हड़पी गई राशि के उपयोग की पड़ताल कर रही है।

Accidents News: मरवाही में तेज रफ्तार का कहर, अलग-अलग हादसों में दो लोगों ने गंवाई जान