देव दिवाली पर काशी में महंगा हुआ ठहरना, गंगा किनारे सुइट 4 लाख तो क्रूज बुकिंग 5 लाख तक

Follow Us

वाराणसी। देव दिवाली के मौके पर काशी में पर्यटन का उत्साह चरम पर है। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते शहर के छोटे-बड़े होटल, लॉज और गेस्ट हाउस पूरी तरह बुक हो चुके हैं। गंगा किनारे स्थित हेरिटेज और लग्जरी होटलों के प्रीमियम सुइट का एक रात का किराया चार लाख रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, क्रूज और नावों पर दीपोत्सव देखने के लिए भी पर्यटक लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं। होटल में जगह नहीं मिलने पर पर्यटकों को होम स्टे का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां एक कमरे का किराया सात हजार रुपये तक पहुंच गया है।

काशी के घाटों का नजारा देखने के लिए सबसे ज्यादा मांग गंगा किनारे बने लग्जरी होटलों की है। कई महीने पहले ही इन होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी थी। पर्यटक अपने कमरे की बालकनी से गंगा आरती और दीपों से जगमगाते घाटों का दृश्य देखने के लिए मोटी रकम खर्च कर रहे हैं। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक, देव दिवाली के दौरान होटल, क्रूज, नाव और रेस्टोरेंट सहित पर्यटन से जुड़े कारोबार में 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।

गंगा में क्रूज के जरिए दीपोत्सव देखने का आकर्षण भी पर्यटकों के बीच बना हुआ है। प्रमुख क्रूज की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। लग्जरी क्रूज के विशेष पैकेज की कीमत 3.5 लाख रुपये तक पहुंच गई है। 60 सीटों वाले अलकनंदा क्रूज को एक विदेशी समूह ने पांच लाख रुपये में बुक किया है। वहीं, 100 सीटों वाले सैम मानिकशॉ क्रूज की बुकिंग 15 हजार रुपये प्रति यात्री के हिसाब से हुई है, जिसकी कुल कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है। क्रूज की यात्रा शाम 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक होगी।

वीवीआईपी मेहमानों के लिए विवेकानंद क्रूज को आरक्षित रखा गया है, जबकि 80 सीटों वाला भागीरथी क्रूज पर्यटन मंत्री और अधिकारियों के लिए निर्धारित किया गया है। अलकनंदा क्रूजलाइन लिमिटेड के निदेशक विकास मालवीय के अनुसार, गंगोत्री क्रूज में भी सामान्य बुकिंग और रूम स्टे की सभी सीटें भर चुकी हैं। क्रूज की बुकिंग बंद होने के बाद अब पर्यटकों का रुझान नावों और बजड़ों की ओर बढ़ा है। इवेंट कंपनियों और पर्यटकों ने 15 हजार से तीन लाख रुपये तक में बजड़े बुक किए हैं। वहीं, सामान्य नावों की बुकिंग भी एक लाख रुपये तक या पांच हजार रुपये प्रति व्यक्ति की दर से हो रही है।