रायपुर । राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर में दो वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले में आरोपी आकाश देववार, निवासी कुन्हारी-दुर्ग, को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
घटना 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच रेलवे स्टेशन परिसर में रेटिंग के सामने हुई। बताया गया कि 25 वर्षीय महिला अपनी करीब दो वर्षीय बच्ची की तबीयत खराब होने पर उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी। अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
बच्ची की मौत पर परिजनों ने संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। 20 नवंबर को पोस्टमार्टम कराया गया। अगले दिन अस्पताल प्रबंधन से मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में बच्ची के पेट में चोट के कारण रक्तवाहिकाओं में आंतरिक रक्तस्राव होने से मौत की बात सामने आई। मर्ग पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी आकाश देववार के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है। मामले की जांच जारी है।
