दुर्ग। मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की विवेचना में कानूनी प्रक्रियाओं का बेहतर पालन सुनिश्चित करने और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी बढ़ाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। रक्षित केंद्र दुर्ग के प्रशासनिक भवन स्थित दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 80 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण में निरीक्षक, उप निरीक्षक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों, मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में तलाशी, जब्ती, साक्ष्य संकलन और विवेचना के दौरान अपनाई जाने वाली वैधानिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
उप संचालक अभियोजन भीम सिंह राजपूत और जिला अभियोजन अधिकारी शिक्षा मेश्राम ने विवेचना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों, कानूनी प्रावधानों और उनके निराकरण के संबंध में अधिकारियों को प्रशिक्षित किया। वहीं विशेष लोक अभियोजक सूरज शर्मा और विशेष लोक अभियोजन प्रकाश शर्मा ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से कानूनी विषयों और विवेचना से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर जानकारी दी।
भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय टीम घोषित, छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर बने राष्ट्रीय महामंत्री
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने स्थायी वारंटों की तामीली और लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणीशंकर चंद्रा ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान नवीन आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों और उनके व्यावहारिक उपयोग पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित विवेचना करने, निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने और लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। दुर्ग पुलिस के अनुसार प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों की कानूनी दक्षता बढ़ाने के साथ एनडीपीएस एक्ट और नवीन आपराधिक कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
