दवा कारोबारी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ की फिरौती, परिवार को हत्या की धमकी

Follow Us

दुर्ग। दुर्ग में मेडिकल उपकरणों के सप्लायर और दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की धमकी दी गई है। अज्ञात मोबाइल नंबर से आए फोन के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है।

शशांक चोपड़ा मोक्षित कॉर्पोरेशन के संचालक हैं। बताया गया है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 15 करोड़ रुपये देने की मांग की। साथ ही रकम नहीं मिलने पर परिवार के सदस्य को जान से मारने की चेतावनी दी। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने दुर्ग कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

0 तीन दिनों से घर के बाहर पुलिस तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने कारोबारी के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से घर के बाहर पुलिस बल तैनात है। धमकी के बाद कारोबारी परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।

युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर

0 कॉलर की पहचान में जुटी पुलिस
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि धमकी देने वाले अज्ञात कॉलर की पहचान के लिए जांच की जा रही है। संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाले का वास्तव में किसी संगठित गिरोह से संबंध है या उसने गिरोह का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने और फिरौती वसूलने की कोशिश की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना के बाद दुर्ग के कारोबारी जगत में चिंता और दहशत का माहौल है।