भानुप्रतापपुर। एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट कांकेर द्वारा ग्राम मोखा में बाल अधिकार जागरूकता एवं खेलकूद प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सुरक्षा, समानता और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण एवं भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुल 80 बच्चे शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, आपसी सहयोग और सर्वांगीण विकास की भावना को बढ़ावा देना रहा।
