नूडल्स खाने के बाद 7 साल की बच्ची की मौत, बड़ी बहन की भी तबीयत खराब, परिवार में पसरा मातम

Follow Us

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में घर पर बनाए गए नूडल्स खाने के बाद सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की तबीयत भी बिगड़ गई। प्रारंभिक तौर पर अधिकारियों को मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। हालांकि, बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार, घटना 19 नवंबर की है। पीहू कुमावत और उसकी बड़ी बहन दिव्यांशी उस समय घर पर अकेली थीं। दोनों बहनों ने घर में नूडल्स बनाकर खाए और इसके बाद सो गईं। दोपहर करीब तीन बजे जब उनकी मां घर पहुंचीं तो बड़ी बेटी दिव्यांशी की नींद खुल गई। उसने अपनी तबीयत खराब होने की शिकायत की, जबकि पीहू बेहोशी की हालत में थी।

अस्पताल में छोटी बहन को मृत घोषित किया
परिजन दोनों बच्चियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिव्यांशी का उपचार किया गया। हालत में सुधार होने के बाद शुक्रवार सुबह उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है।

लैब में होगी नूडल्स के सैंपल की जांच
परिवार की शिकायत के आधार पर करधनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घर में बनाए गए नूडल्स के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चियों की तबीयत बिगड़ने के पीछे नूडल्स में मौजूद कोई जहरीला पदार्थ या अन्य कारण जिम्मेदार था। अधिकारियों के मुताबिक, परिवार का बेटा गोविंद भी बीमारी के कारण पिछले दो महीनों से अस्पताल में भर्ती था।