अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि राम मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब एलएंडटी के जिम्मे कोई बड़ा निर्माण कार्य बाकी नहीं है। दिसंबर 2026 तक सभी निर्माण कार्यों का फाइनेंशियल क्लोजर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ट्रस्ट को सौंपी गईं निर्माण से जुड़ी संपत्तियां
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि परकोटा को छोड़कर निर्माण के दौरान तैयार की गई सभी संपत्तियां राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दी गई हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी कोई कमी सामने आने पर संबंधित एजेंसियां अगले तीन वर्षों तक उसे ठीक करेंगी। इसके लिए निर्माण कंपनियों के पांच प्रतिशत भुगतान को रोककर रखा गया है। गुणवत्ता संबंधी कमियों को दूर करने और काम संतोषजनक पाए जाने के बाद ही यह राशि जारी की जाएगी।
दिसंबर 2027 तक तैयार होगा राम मंदिर संग्रहालय
मंदिर परिसर के बाहर भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम जारी है। इनमें ऑडिटोरियम, ट्रस्ट कार्यालय और सरयू नदी के निकट राम मंदिर संग्रहालय का निर्माण शामिल है। संग्रहालय में कुल 20 गैलरी बनाई जाएंगी। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संग्रहालय का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं को मिली परिसर के अन्य मंदिरों के दर्शन की अनुमति
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं को अब राम मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न मंदिरों और अन्य स्थलों का भ्रमण करने की अनुमति दे दी गई है। इससे भक्त परिसर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देख सकेंगे।
मथुरा मंदिर निर्माण पर भी दिया जवाब
मथुरा में मंदिर निर्माण से जुड़े सवाल पर नृपेंद्र मिश्र ने स्पष्ट किया कि अयोध्या राम मंदिर निर्माण समिति का गठन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत हुआ था। इसलिए समिति का कार्यक्षेत्र केवल अयोध्या तक सीमित है। मथुरा में मंदिर निर्माण से जुड़े किसी भी विषय में समिति की कोई भूमिका नहीं है।
