कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में मधुमक्खियों के झुंड ने छात्र-छात्राओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दर्जनों बच्चे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल के मुख्य गेट के सामने स्थित पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता है। इसी छत्ते से निकली मधुमक्खियों ने अचानक बच्चों को निशाना बना लिया। हमले के बाद घायल बच्चों को उनके अभिभावक जिला अस्पताल बैकुंठपुर सहित अन्य अस्पतालों में लेकर पहुंचे। अस्पताल अधीक्षक आयुष जैसवाल के अनुसार, सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है और उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी और एसडीएम दीपिका नेताम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में मधुमक्खियों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बच्चे मधुमक्खियों के हमले में घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन की ओर से छत्ते को हटाने या बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद स्कूल का कोई भी कर्मचारी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आया। उन्हें खुद ही बच्चों को अस्पताल ले जाना पड़ा। इस लापरवाही से नाराज अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
