छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा नेताओं-अफसरों की सुरक्षा में कटौती, सीएम की पत्नी से लेकर मंत्रियों तक पर असर

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के कमजोर पडऩे और बस्तर में सुरक्षा हालात बदलने के बाद राज्य सरकार ने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बड़ा बदलाव किया है। गृह विभाग के अंतर्गत प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी की समीक्षा के बाद 100 से अधिक नेताओं और अधिकारियों की सुरक्षा या तो समाप्त कर दी गई है या उनकी सुरक्षा श्रेणी में कटौती की गई है। इस फैसले का असर सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं के साथ मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों पर भी पड़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय की सुरक्षा में भी कटौती की जानकारी सामने आई है।

खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया फैसला
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा मौजूदा खतरे और जमीनी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर की है। इसके तहत जिन लोगों को पहले उच्च श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी, उनकी सुरक्षा का दोबारा आकलन किया गया। सरकार का उद्देश्य अनावश्यक वीआईपी सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को मुक्त कर कानून-व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में लगाना है।

बस्तर के 45 नेताओं की सुरक्षा अब एसपी के जिम्मे
सुरक्षा समीक्षा में बस्तर संभाग के 45 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी समाप्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब इन नेताओं की सुरक्षा का आकलन संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक करेंगे। स्थानीय स्तर पर खतरे की आशंका मिलने पर एसपी अपने विवेक से सुरक्षा उपलब्ध करा सकेंगे। यानी इन नेताओं को अब पहले की तरह निर्धारित वीआईपी सुरक्षा श्रेणी के बजाय स्थानीय स्तर पर खतरे के आकलन के आधार पर सुरक्षा मिलेगी।

खाने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, पत्नी ने लोहे के बाट से पति के सिर पर किया वार, मौत

जेड प्लस से जेड श्रेणी में आए ये नाम
सुरक्षा में कटौती के तहत मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री कवासी लखमा और पूर्व विधायक देवती कर्मा की सुरक्षा जेड प्लस से घटाकर जेड श्रेणी किए जाने की जानकारी है।

जेड से वाई श्रेणी में बदले नाम
विधायक आशाराम नेताम, विधायक नीलकंठ टेकाम, विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल, विधायक विक्रम उसेंडी, विधायक लता उसेंडी, विधायक सावित्री मंडावी, विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक मोहन मरकाम, संतराम नेताम और संतोष बाफना की सुरक्षा जेड से घटाकर वाई श्रेणी की गई है।

वाई प्लस से वाई श्रेणी में बदलाव
राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम, वन विकास निगम के चेयरमैन श्रीनिवास मद्दी और विधायक इंद्रशाह मंडावी की सुरक्षा वाई प्लस से घटाकर वाई श्रेणी की गई है।

जनजातीय गौरव दिवस पर खैरागढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम, जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को नमन

वाई से एक्स श्रेणी में पहुंचे ये नाम
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा, आईपीएस अधिकारी प्रभात कुमार, मंतूराम पवार, संजय सोढ़ी और बृहस्पति सिंह की सुरक्षा वाई से घटाकर एक्स श्रेणी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था का स्वरूप बदलने जा रहा है। खासकर बस्तर में सुरक्षा की नई व्यवस्था के तहत स्थानीय पुलिस अधिकारियों की भूमिका बढ़ेगी। अब संबंधित व्यक्तियों को सुरक्षा देने का निर्णय उनकी मौजूदा खतरे की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा।