खाने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, पत्नी ने लोहे के बाट से पति के सिर पर किया वार, मौत

Follow Us

०शराब के नशे में घर लौटे थे दोनों, खाना नहीं बनाने पर पति ने मारे थे तीन थप्पड़; गुस्से में पत्नी ने किया हमला, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

बलरामपुर। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पलगी छतौलीपारा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा लोहे के तराजू के बाट से पति के सिर पर वार करने से उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी राजपति कुम्हरिया (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया है। घटना के पीछे खाने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम शारदापुर (ई), थाना चलगली निवासी रामदेव कुम्हरिया (39 वर्ष) ने 16 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 15 नवंबर को सुबह करीब 9 से 10 बजे प्रभात कुम्हरिया और उसकी पत्नी राजपति कुम्हरिया गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों शाम करीब 8 से 9 बजे शराब पीकर घर लौटे।

पुलिस के मुताबिक, अधिक नशे में होने के कारण राजपति ने खाना नहीं बनाया। इसके बाद प्रभात ने स्वयं खाना तैयार किया और पत्नी को खाने के लिए बुलाया। खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसने पत्नी के गाल पर तीन थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज होकर राजपति ने लकड़ी की चौकी के नीचे रखे लोहे के किलोबाट (तराजू का बाट) से प्रभात की बाईं आंख के ऊपर माथे पर एक वार कर दिया। इसके बाद उसे धक्का दिया, जिससे वह लकड़ी की चौकी से टकराकर नीचे गिर गया।

घटना के बाद आरोपी महिला अपने कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद प्रभात भी बगल में जाकर सो गया। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे राजपति की नींद खुली तो उसने पति को जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। शरीर छूकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी।

जनजातीय गौरव दिवस पर खैरागढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम, जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को नमन

मामले में त्रिकुंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया गया तथा गवाहों के बयान और आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लोहे के बाट सहित आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि राजपति कुम्हरिया के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर 17 नवंबर 2026 को दोपहर 12:05 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया।