रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति छत्तीसगढ़ और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को न केवल सैन्य सेवाओं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए तैयार करता है।
वित्त मंत्री चौधरी नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कैडेटों से संवाद किया और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कैडेटों के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को राष्ट्रीय स्तर का बनाने मिलेगी सहायता
वित्त मंत्री ने एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान के विकास को लेकर कहा कि राज्य सरकार इसे देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। संस्थान में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास के लिए जरूरतों का आकलन कर आगामी बजट में समुचित प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को संस्थान की आवश्यकताओं का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
सेना, नौसेना और वायुसेना में करियर बनाने युवाओं को किया प्रेरित
कैडेटों को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना युवाओं को बेहतर करियर के साथ राष्ट्रसेवा का गौरवशाली अवसर प्रदान करती हैं। एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को सैन्य जीवन, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना से परिचित कराता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और देशसेवा का अवसर मिल रहा है।
सोशल मीडिया के दौर में एकाग्रता और धैर्य जरूरी
वित्त मंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और आधुनिक तकनीक ने ज्ञान के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इनका अनियंत्रित उपयोग एकाग्रता और समय प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है। युवाओं को तकनीक का उपयोग अपने विकास के साधन के रूप में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली जानकारियों को बिना जांचे स्वीकार नहीं करना चाहिए। किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले तथ्यों की पुष्टि और विभिन्न स्रोतों से जानकारी प्राप्त करना जरूरी है। युवाओं को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से भी सतर्क रहना चाहिए।
अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव भी किए साझा
चौधरी ने कैडेटों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान उन्होंने समय का अनुशासित ढंग से उपयोग किया। नियमित दिनचर्या और लंबे समय तक एकाग्र होकर अध्ययन करने की आदत ने उन्हें लक्ष्य हासिल करने में मदद की।
उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल संसाधन और सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अनुसंधान, उद्यमिता, रक्षा सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा देश
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में रक्षा उत्पादन, तकनीक, विनिर्माण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। देश रक्षा उपकरणों के स्वदेशी उत्पादन और निर्यात की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस जैसी रक्षा प्रणालियों की वैश्विक मांग भारत की बढ़ती तकनीकी और सामरिक क्षमता को दर्शाती है। मोबाइल फोन विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की बढ़ती भागीदारी आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती दे रही है।
उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। नियमित व्यायाम, खेलकूद और अनुशासित दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं
चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार उन्हें शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कैडेटों से बड़े सपने देखने, मजबूत संकल्प के साथ आगे बढऩे और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर ब्रिगेडियर साई प्रसाद, कर्नल रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।
