कबीरधाम। जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में हार्डवेयर दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर लाखों रुपये के सामान और नगदी की चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सामान सहित कुल 3 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कबीरधाम और दूसरा बेमेतरा जिले का निवासी है। दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खड़ौदा निवासी देवेन्द्र जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह उडिय़ा खुर्द स्थित अपनी जगदीश ट्रेडर्स हार्डवेयर दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर पीछे का दरवाजा टूटा मिला। दुकान से सबमर्सिबल मोटर, 10 सीलिंग पंखे, 7 एग्जॉस्ट पंखे, 60 एमसीबी, 4 कूलर मोटर, काउंटर में रखे 1 लाख 80 हजार रुपये नगद और अन्य सामान गायब थे।
प्रार्थी की शिकायत पर सहसपुर लोहारा थाने में अपराध क्रमांक 163/26, धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सहसपुर लोहारा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
बस्तर की कौशल्या सेठिया ने मशरूम उत्पादन से बदली जिंदगी, 700 पैकेट तक पहुंचा कारोबार
पुलिस ने मामले में नारायण टण्डन (31 वर्ष), निवासी घुघरीकला तथा राजेश साहू (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, ग्राम सिंघौरी, जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से 2 सीलिंग पंखे, 2 एग्जॉस्ट पंखे, 28 एमसीबी, 4 कूलर मोटर, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, एक कम्प्रेशर मशीन, लोहे का सब्बल, कटर मशीन, एक क्षतिग्रस्त टीवी और 24 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। नगदी सहित कुल 3 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नारायण टण्डन के विरुद्ध कवर्धा, पिपरिया और बोड़ला थानों में पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं राजेश साहू और अभिरक्षा में लिए गए बालक के विरुद्ध भी बोड़ला थाने में चोरी के प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर सहित साइबर सेल और सहसपुर लोहारा थाना पुलिस की टीम का विशेष योगदान रहा।
