जगदलपुर। सीमित संसाधनों से शुरू किया गया छोटा प्रयास आज सफल स्वरोजगार का रूप ले चुका है। बस्तर जिले के बास्तानार विकासखंड के ग्राम पंचायत कोड़ेनार की रहने वाली कौशल्या सेठिया मशरूम उत्पादन के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। बिहान योजना और स्व-सहायता समूह के सहयोग से उन्होंने घर से शुरू किए गए अपने उद्यम को विस्तार देते हुए उत्पादन क्षमता 700 पैकेट तक पहुंचा दी है।
कौशल्या वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह के माध्यम से उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2024 में घर से ही छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया। शुरुआत में सीमित संसाधन होने के बावजूद उन्होंने मेहनत और प्रशिक्षण के आधार पर अपने काम को आगे बढ़ाया।
उद्यम के विस्तार में बिहान यानी राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और स्व-सहायता समूह का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। समूह के माध्यम से सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज की सुविधा मिली। इसके अलावा वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का स्वयं सिद्धा ऋण लेकर उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाई। वर्तमान में उनका मशरूम उत्पादन 700 पैकेट तक पहुंच गया है।
कॉप ऑफ द मंथ: अपराधियों पर सख्ती और जनसेवा में अव्वल रहे 14 पुलिसकर्मी सम्मानित
कौशल्या के उत्पादों की स्थानीय बाजारों में मांग बढ़ रही है। वे बास्तानार और जगदलपुर के साथ पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी मशरूम की बिक्री कर रही हैं। एक पैकेट की लागत करीब 150 रुपये आती है, जबकि मशरूम का विक्रय मूल्य लगभग 400 रुपये प्रति किलोग्राम है। इस व्यवसाय से उन्हें परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिल रही है।
कौशल्या की सफलता से गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन और स्वरोजगार की गतिविधियों से जुडऩे के लिए प्रेरित हो रही हैं। उन्होंने साबित किया है कि उचित प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और निरंतर मेहनत से ग्रामीण महिलाएं भी अपने छोटे प्रयासों को सफल उद्यम में बदल सकती हैं।
