कांकेर। जिले में बेहतर पुलिसिंग के लिए कांकेर पुलिस ने सराहनीय पहल की है। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों की मदद में अग्रणी रहे 14 अधिकारी-कर्मचारियों को कॉप ऑफ द मंथ सम्मान से नवाजा गया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने मार्च, सितंबर और अक्टूबर माह के लिए चुने गए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
मार्च माह में 4 पुलिसकर्मी सम्मानित:
साइबर सेल के प्रधान आरक्षक पर्वत कौशल को साइबर जन-जागरूकता अभियान में विशेष योगदान के लिए सम्मान मिला। उन्होंने गांव, शहर और स्कूलों में ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। बस्तर फाइटर आरक्षक भूपेश नेताम को ताड़ोकी के हत्या मामले में तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में मदद के लिए सम्मानित किया गया। महिला आरक्षक असमोतिन भास्कर को अपहरण और गुमशुदा मामलों में तकनीकी विश्लेषण से गुमशुदा लोगों की दस्तयाबी के लिए और यातायात शाखा की महिला आरक्षक सीमा प्रधान को यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सम्मान मिला।
बस्तर फाइटर भर्ती 2026 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग, 75 अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन
सितंबर माह में 5 पुलिसकर्मी सम्मानित:
भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी अम्बर भारद्वाज को किराए के मकान से 30 पौवा अंग्रेजी शराब, 4409 खाली बोतलें और ढक्कन-स्टीकर बरामद करने के लिए सम्मानित किया गया। थाना कांकेर के उप निरीक्षक मनोरथ जोशी को 447 किलो गांजा बरामदगी और फरार आरोपी सुखपाल को हरियाणा से पकड़ने के लिए, कोरर के प्रधान आरक्षक कन्हैया पटेल को 132 लीटर अंग्रेजी शराब की तस्करी पकड़ने के लिए, भानुप्रतापपुर के आरक्षक गौतम हुपेंडी को गांजा के 850 पौधे जब्त करने के लिए और अमाबेड़ा के आरक्षक परमानंद साहू को कानून-व्यवस्था ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।
अक्टूबर माह में 5 पुलिसकर्मी सम्मानित:
लोहत्तर थाना प्रभारी ऋषभ बाजपेयी को चेमल माइंस में पोकलेन मशीनों में आगजनी के मामले में 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए, हल्बा चौकी प्रभारी पीयूष यादव को 40 गौवंशों की तस्करी का खुलासा करने के लिए, सरोना के सहायक उप निरीक्षक गोपाल नेताम को नाबालिग बालिका को नागपुर से सकुशल बरामद करने के लिए, डायल 112 के आरक्षक पुखराज साहू को सड़क हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने के लिए और भानुप्रतापपुर के आरक्षक दिनेश सोनवानी को स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सम्मानित किया गया। एसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के काम की सराहना करते हुए अन्य जवानों को भी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से काम करने के लिए प्रेरित किया।
14 साल से लंबित ग्रेड-पे की मांग को लेकर नर्सिंग संवर्ग का शुरू अनिश्चितकालीन आंदोलन


