पीएम मोदी बोले- भारत और आसियान का भविष्य सहयोग से तय होगा, साझेदारी को नई दिशा देने पर जोर

Follow Us

मनीला । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत और आसियान देशों के बीच मजबूत होते संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा विकास की संभावनाओं पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने पिछले वर्षों में आसियान के साथ संबंधों को नई गति और गहराई दी है। अब यह साझेदारी साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री ने आसियान की सफल अध्यक्षता और भारत के देश समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस को बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आसियान नेताओं के साथ यह उनका 13वां संवाद है। एक्ट ईस्ट पॉलिसी से भारत-आसियान संबंधों को मिली नई मजबूती
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान की साझेदारी लगातार व्यापक हो रही है। पिछले वर्षों में दोनों पक्षों ने पारंपरिक संबंधों को नई तकनीक और रणनीतिक क्षेत्रों से जोड़ा है। डिजिटल, डिफेंस और स्पेस जैसे सेक्टर में सहयोग के नए अवसर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आसियान के साथ अपनी साझेदारी को नई गति दी है।

लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल
प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान देशों के बीच जनसंपर्क को मजबूत करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा लगभग 250 त्वरित प्रभाव परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है और 10 हजार से अधिक क्षमता निर्माण छात्रवृत्तियां दी गई हैं।पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी और पर्यटन का विस्तार दोनों पक्षों की बढ़ती निकटता को दर्शाता है।

सहयोग से तय होगा क्षेत्र का भविष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के पास क्षेत्र में शांति और स्थिरता का प्रतीक बनने की क्षमता और संकल्प दोनों हैं।उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। आने वाले समय में आसियान कम्युनिटी विजन 2025 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सुरक्षित और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के निर्माण पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता अटल है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिखर सम्मेलन भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा।प्रधानमंत्री के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मजबूत सहयोग से एक सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत और आसियान मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा दें।