भूपेश बघेल ने धान खरीदी केंद्रों में कमी के मुद्दे पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने पिछले वर्ष की धान खरीदी का पूरा विवरण सार्वजनिक करने के लिए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। बघेल के अनुसार, इस मांग को लेकर चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। राजस्व निरीक्षक (RI) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में आयोजित परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियों की खबरें सामने आ रही हैं। बघेल ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की। उन्होंने सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावे पर भी सवाल उठाए।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से आयोग से संपर्क और बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन संवाद नहीं हो सका। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है और निर्वाचन आयोग को अपना पक्ष रखना होगा। बघेल ने कहा कि SIR का विषय संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा है और इस मामले में सभी तथ्यों का सामने आना जरूरी है।
