वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर दाएं हाथ में चोट के कारण भारत के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरु होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर डीन फ्रॉक्सक्रॉफ्ट न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया गया है। सैंटनर को रविवार रात माउंट माउंगानुई में खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय अर्शदीप सिंह की एक बाउंसर उनके दाएं हाथ पर लगी थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) की ओर से जारी बयान में कहा गया, “स्कैन में पता चला है कि सैंटनर के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उनकी वापसी में कितना समय लगेगा, इस पर काम किया जा रहा है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी उपलब्धता को लेकर उचित समय पर जानकारी दी जाएगी।” न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाज उतार सकता है। सैंटनर की गैरमौजूदगी में ग्लेन फिलिप्स के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर की भूमिका निभाने के सबसे प्रबल दावेदार हैं।
भारत-जापान के बीच चौथी टू प्लस टू वार्ता, राजनाथ जाएंगे जापान
28 साल के फ्रॉक्सक्रॉफ्ट ने अब तक केवल एक टेस्ट खेला है। यह मैच उन्होंने मई में बेलफ़ास्ट में आयरलैंड के खिलाफ खेला था। यह इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले हुआ था। बेलफास्ट में न्यूजीलैंड की पारी से मिली जीत में फ्रॉक्सक्रॉफ्ट ने 98 रन बनाए थे। इसके बाद वह स्वदेश लौट गए थे, क्योंकि कंधे की चोट से उबरकर वापसी कर रहे सैंटनर ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में उनकी जगह ले ली थी। न्यूजीलैंड की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज नौ दिसंबर को पर्थ में शुरू होगी। सैंटनर को उम्मीद है कि वह तब तक फिट हो जाएंगे।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम इस प्रकार है:
टॉम लेथम (कप्तान), टॉम ब्लंडल (विकेटकीपर), डेवन कॉन्वे, हेनरी निकल्स, विल यंग, डीन फ़ॉक्सक्रॉफ़्ट, डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नेथन स्मिथ, जैकब डफ़ी, मैट हेनरी, काइल जेमीसन और ब्लेयर टिकनर।
