शराब दुकान के सुपरवाइजर की मौत पर दीपक बैज ने उठाए सवाल, बोले- भ्रष्ट सिस्टम ने ली जान

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिलतरा स्थित सरकारी शराब दुकान के सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा की मौत के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में ओवर रेटिंग और अवैध वसूली के दबाव के चलते प्रशांत वर्मा को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। बैज ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था द्वारा की गई हत्या करार देते हुए मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकारी शराब दुकानों में निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है। प्रत्येक बोतल पर 10 से 60 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि इस अवैध वसूली का हिस्सा ऊपर तक पहुंच रहा था और उच्चाधिकारियों के दबाव में मैदानी कर्मचारियों को काम करना पड़ रहा था।

बैज ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 28 लाख 65 हजार बोतल शराब की बिक्री होती है। उनके अनुसार, प्रति बोतल अतिरिक्त वसूली के आधार पर प्रतिदिन करीब 4.29 करोड़ रुपये, महीने में 129 करोड़ और सालाना 1548 करोड़ रुपये की अवैध वसूली का अनुमान है। उन्होंने पिछले ढाई साल में ओवर रेटिंग के जरिए 3870 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप भी लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में ओवर रेटिंग की शिकायतें सामने आने के बाद कुछ आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया था, लेकिन यह कार्रवाई केवल दिखावा साबित हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अनियमितताओं की जानकारी थी, तो जिम्मेदार बड़े अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

बैज ने प्रशांत वर्मा की मौत के मामले में जोनल आबकारी अधिकारी की भूमिका की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ हत्या एवं भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि अवैध वसूली के कथित नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की जिम्मेदारी तय हो सके।