खरेंगा स्कूल के 300 विद्यार्थियों को साइबर ठगी और यातायात सुरक्षा के बताए उपाय

Follow Us

० धमतरी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ओटीपी साझा नहीं करने और ऑनलाइन ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने की दी सलाह

धमतरी। साइबर अपराधों की रोकथाम और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिले में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें लगभग 300 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने फर्जी फोन कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी के जरिए ठगी, एटीएम एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया खाते हैक करने, फर्जी निवेश योजनाओं और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के तरीकों से अवगत कराया।

विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी और पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा www\.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में पहाड़ी कोरवाओं को प्रवेश के लिए करना पड़ा इंतजार, तीर-धनुष लेकर पहुंचे थे 60-70 लोग

यातायात नियमों की अनदेखी से हो सकते हैं गंभीर हादसे
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, रॉन्ग साइड से वाहन चलाने से बचने, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन नहीं चलाने तथा दोपहिया वाहन में तीन सवारी नहीं बैठाने के बारे में भी बताया। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाले खतरों के प्रति भी विद्यार्थियों को सचेत किया गया।

परिवार और समाज को जागरूक करने की अपील
धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि यातायात नियम केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। विद्यार्थियों से अपने परिवारजनों और परिचितों को भी साइबर सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग विधानसभा क्षेत्र के चार धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, शिक्षकगण और यातायात पुलिस के कर्मचारी उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस के अनुसार सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।