भिलाइ। दुर्ग जिले के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने करीब पांच महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवक के गले पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार घटना 22 जून 2026 की रात करीब 9:15 बजे इंदिरा कॉलेज के सामने धर्मेन्द्र किराना दुकान के पास हुई थी। यहां भुनेश्वर साहू और प्रेम कुमार सिंह के साथ गोकुल राम उर्फ भूरू का विवाद हो रहा था। इसी दौरान अन्नू कुमार यादव झगड़ा शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचा। इससे नाराज होकर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए पास के अंडा ठेले से धारदार हथियार उठाकर उसके गले पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल अन्नू कुमार यादव को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे स्पर्श अस्पताल रेफर कर दिया। मामले में प्रार्थी चुन्नू कुमार यादव की रिपोर्ट पर वैशालीनगर थाने में अपराध क्रमांक 262/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 109 और 351(3) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस टीम लगातार आरोपी की पतासाजी और साक्ष्य संकलन में जुटी थी। इसी क्रम में आरोपी गोकुल राम उर्फ भूरू (25 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर, रिक्शा कॉलोनी, भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटनास्थल से गवाहों की मौजूदगी में वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया गया।
दिवाली पर रायपुर ग्रामीण में अपराधों में आई कमी, पिछले साल 92 के मुकाबले इस बार दर्ज हुए 83 मामले
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 16 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में छावनी थाने में भी दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी और आम्र्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद या झगड़े की स्थिति में कानून हाथ में न लें और किसी भी हिंसक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
