चोरी की मोटर मशीनें खरीदने वाला कबाड़ी संचालक गिरफ्तार, 20 हजार का माल बरामद

Follow Us

कांकेर। ग्राम बेवरती स्थित गौठान शेड से मोटर मशीनों की चोरी के मामले में कांकेर पुलिस ने फरार आरोपी कबाड़ी संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की मोटर मशीनें खरीदकर अपने पास रखे हुए था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की चार मोटर मशीनें, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है, बरामद की हैं। मामले में पुलिस पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विष्णु राम नेताम की रिपोर्ट पर ग्राम बेवरती के गौठान शेड से चार मोटर मशीन चोरी होने के संबंध में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 324/2026, धारा 303(2), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में पुलिस ने मामले की जांच के दौरान चोरी की मोटर मशीनें कबाड़ी दुकान में बेचे जाने की जानकारी मिलने पर पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, दुर्गूकोंदल में आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पूछताछ और विवेचना में चोरी की मोटर मशीनें अन्नपूर्णापारा कांकेर स्थित कबाड़ी दुकान संचालक भविष्य सोनी (21 वर्ष), पिता चेतन सोनी, निवासी अन्नपूर्णापारा कांकेर द्वारा खरीदने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके कब्जे से चोरी की चार मोटर मशीनें बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, उप निरीक्षक रामेश्वर चतुर्वेदी एवं प्रधान आरक्षक कौशल साहू की भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।