मुंबई। अभिनेत्री तमन्ना भाटिया रविवार को मुंबई के जुहू चौपाटी पर आयोजित छठ पूजा समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की और सभी को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, ”देवी का आशीर्वाद और आप सबका प्यार, छठी मइया की कृपा बनी रहे। जय छठी मइया।” तमन्ना ने बातचीत में बताया कि छठी मइया के साथ उन्हें एक खास जुड़ाव महसूस हुआ है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इतने सारे लोगों के साथ छठ पूजा मनाकर वह बेहद खुश हैं और इस पर्व का महत्व हमेशा उनके साथ रहेगा।
अभिनेत्री ने बताया कि वह बिहार जाकर छठ पूजा को करीब से देखना चाहती थीं। पटना में फिल्म प्रमोशन के दौरान गंगा आरती में शामिल होने के बाद उनकी इच्छा थी कि वह एक बार वहां छठ महापर्व भी देखें। हालांकि, उन्हें मुंबई में ही इस आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला, जिससे वह काफी खुश हैं। तमन्ना ने अपनी फिल्म ‘वन’ का जिक्र करते हुए बताया कि फिल्म के गाने की शूटिंग से पहले उन्होंने छठ पूजा की परंपराओं, इसके महत्व और बिहार-पटना में इसे मनाने के तरीकों को समझने के लिए समय दिया था। उन्होंने कहा कि इस पर्व की आस्था और शक्ति को जानकर वह काफी प्रभावित हुईं।
