मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखी जनता की सहायता के लिए संघर्ष किया। अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इन महानायकों की गौरवगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी 151वीं जयंती पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण के साथ समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बस्तियों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। सरकार ने जनजातीय परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने को जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना करते हुए स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को याद किया। उन्होंने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच सेवा और समर्पण के लिए जोगेश्वर यादव की भी प्रशंसा की। विश्वविद्यालय की सामाजिक पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से करीब ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के प्रयास भी सराहनीय हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे जनजातीय महानायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी के प्रारंभ में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, विद्वान, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
