CM विष्णुदेव साय ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय वीथिका भी देखी

Follow Us
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष एवं बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में बनी जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का साहस, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महान नायक थे। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके साहस, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाती रहेगी। जनजातीय समाज का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए नई पीढ़ी को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना जरूरी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय वीथिका में प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से जुड़ी जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का बलिदान और संघर्ष हमारी ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी वीथिकाओं से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों, संस्कृति और परंपराओं के बारे में जानने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।