रायपुर जिले में पहले दिन 366 किसानों से 9365.60 क्विंटल धान की खरीदी, 2 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक का धान बिका

Follow Us
  • 129 उपार्जन केंद्रों में शुरू हुई खरीदी, 21 नए केंद्रों में से 17 में भी खरीदी प्रारंभ, 

रायपुर। रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुआ। धान खरीदी के पहले दिन जिले के कुल 159 उपार्जन केंद्रों में से 129 केंद्रों में धान की खरीदी की गई। इन केंद्रों में 366 किसानों से कुल 9365.60 क्विंटल धान खरीदा गया, जिसका कुल मूल्य 229.51 लाख रुपए अर्थात 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपए है। जिलेभर के धान उपार्जन केंद्रों में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी की शुरुआत हुई। किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जिले में 21 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 17 नवीन उपार्जन केंद्रों में भी आज से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। नवीन उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नजदीक में ही सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे किसानों के समय और परिवहन व्यय की बचत होगी।

राज्य सरकार द्वारा किसानों को प्रति क्विंटल 3,100 रुपए की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का लाभ देने की व्यवस्था की गई है।

*खोरपा, अड़सेना, गोबरा नवापारा और जामगांव में भी उत्साह -*

जिले के अन्य धान उपार्जन केंद्रों में भी हर्षोल्लास के साथ धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। खोरपा धान खरीदी केंद्र में पहले दिन पांच किसान अपनी उपज विक्रय के लिए पहुंचे। इसी प्रकार तहसील खरोरा अंतर्गत अड़सेना समिति, गोबरा नवापारा और जामगांव सहित विभिन्न उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हुई।

*ऑनलाइन टोकन से सुविधा -*

धान खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए किसानों को ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार उपार्जन केंद्र आने की आवश्यकता नहीं है।

*केंद्रों में व्यवस्थाएं -*

खरीदी केंद्रों में बारदाना, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छाया, बैठने और धान की स्टैकिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्रीमती अभिलाषा पैकरा ने आरंग तहसील अंतर्गत गौरभाठा धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया।