डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू बाल-बाल बचे, बिना सुरक्षा उपकरणों के रेस्क्यू करने पहुंची टीम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बालोद। जिले के दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के सिंघोला गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक भालू गांव के लंबे समय से खाली पड़े मकान में जा घुसा। सूचना मिलने पर उसे बाहर निकालने पहुंची वन विभाग की टीम को ही भालू के हमले का सामना करना पड़ा। इस दौरान डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पटेली सर्किल के सिंघोला गांव में धरमुराम कुलदीप के सूने मकान में भालू के घुसे होने की सूचना वन विभाग को दी गई थी। इसके बाद पटेली और मंगलतराई सर्किल के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि टीम बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और उच्च अधिकारियों को सूचना दिए रेस्क्यू के लिए पहुंच गई थी।
वनकर्मी भालू को मकान से बाहर निकालकर जंगल की ओर भगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान भालू अचानक बाहर निकला और डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू पर हमला कर दिया। हालांकि, वे इस हमले में बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
बिना सुरक्षा किट के रेस्क्यू, व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद वन विभाग की रेस्क्यू तैयारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जंगली जानवरों को रेस्क्यू करने के दौरान विशेष सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षित टीम की आवश्यकता होती है। ऐसे में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के वनकर्मियों का मौके पर पहुंचना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता था।
मकान में नुकसान, मुआवजे की मांग
ग्रामीण जागेश्वर ठाकुर के मुताबिक, भालू पिछले दो से तीन दिनों से मकान के अंदर मौजूद हो सकता था। मकान लंबे समय से खाली होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, भालू ने घर के अंदर जमीन खोद दी और वहां रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मकान मालिक को हुए नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
