पेंड्रारोड में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का छापा, 240 बोरी धान जब्त

Follow Us

बरवासन गांव में दो अलग-अलग ठिकानों पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, दूसरे किसानों से धान लाकर समर्थन मूल्य पर खपाने की थी तैयारी

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में धान के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने पेंड्रारोड तहसील के ग्राम बरवासन में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 240 बोरी धान जब्त किया है।

प्रशासन को मिली सूचना के आधार पर संयुक्त जांच दल ने गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान राजेंद्र गुज्जर के बाड़े में ट्रैक्टर पर लदी 35 बोरी और खुले स्थान पर रखी 100 बोरी धान मिली। इस तरह उनके ठिकाने से कुल 135 बोरी धान बरामद की गई। वहीं, ग्रामीण जीवन सिंह मारको के यहां से 105 बोरी धान जब्त की गई। दोनों स्थानों से बरामद कुल 240 बोरी धान को प्रशासनिक टीम ने वैधानिक कार्रवाई के तहत जब्त कर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया है।

खेतों में कटाई शुरू नहीं, दूसरे किसानों से लाया गया था धान
जांच के दौरान पूछताछ में एक अहम तथ्य सामने आया। अधिकारियों के मुताबिक, जिन दोनों व्यक्तियों के यहां धान का भंडारण मिला, उनके खेतों में अभी धान की कटाई और मिसाई (थ्रेशिंग) का काम शुरू ही नहीं हुआ था। पूछताछ में पता चला कि यह धान दूसरे किसानों के खेतों से लाकर यहां जमा किया गया था।

प्रशासन को आशंका है कि धान का अवैध भंडारण समर्थन मूल्य पर बिक्री करने के उद्देश्य से किया गया था। फिलहाल जब्त धान के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।