बेमेतरा में विधायक दीपेश साहू ने किया धान खरीदी महाभियान का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा प्रति एकड़ ₹13,839 का पूरा लाभ

Follow Us

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाभियान की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित बेमेतरा और सेवा सहकारी समिति बीजाभाट में पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान खरीदी केंद्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। विधायक ने किसानों की उपज की खरीदी शुरू कराई और केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि किसान छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण और कृषि विकास के लिए लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की नई किसान हितैषी घोषणा का स्वागत करते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत अब पात्र किसानों को कम मात्रा में धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। यदि किसी किसान की उपज निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के बजाय केवल 15 क्विंटल रहती है, तब भी उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी सहायता राशि दी जाएगी। पहले कम धान बेचने पर सहायता राशि भी उसी अनुपात में घट जाती थी। इस फैसले से छोटे, सीमांत और कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलेगी।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। यह किसानों के परिश्रम और सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। अधिकारियों और समिति प्रबंधन से उचित तौल, पर्याप्त बारदाने, पेयजल तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी।

विधायक दीपेश साहू ने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन लेकर खरीदी केंद्रों में अपनी उपज लाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने सभी किसानों को धान खरीदी महाभियान की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसानों और उनके परिवारों की खुशहाली सरकार का संकल्प है। कार्यक्रम में युगल देवांगन, महेश साहू, हर्षवर्धन तिवारी, मोंटी साहू, सोसायटी अध्यक्ष दोहई लाल वर्मा, पार्षद विकास तम्बोली सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति प्रबंधक विनोद कुमार राजपूत, अपर कलेक्टर पी.के. साहू, खाद्य अधिकारी ओमकार सिंह ठाकुर, आर.के. वारे, शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी एस.के. जांगड़े, ए.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।