गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले बिलासपुर-पेण्ड्रा मुख्य मार्ग पर केंदा घाट में कंटेनर पलटने से यातायात बाधित हो गया। कंटेनर के सड़क पर गिरने से मार्ग के दोनों ओर भारी और मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के पहिए थम गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, केंदा घाट की सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खतरनाक मोड़ होने के कारण यहां वाहन चलाना जोखिम भरा बना हुआ है। घाटी का ढलान और खराब सड़क आए दिन दुर्घटनाओं और वाहनों के फंसने की वजह बन रहे हैं। स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर वाहन खराब होने और दुर्घटनाओं के कारण जाम की स्थिति बनती रहती है।
इस समस्या की एक बड़ी वजह बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे का अधूरा निर्माण भी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन वर्षों से इस मार्ग पर निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी का खामियाजा आम राहगीरों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। कंटेनर पलटने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। जाम में फंसे लोगों ने प्रशासन से तत्काल क्रेन की व्यवस्था कर कंटेनर हटवाने और यातायात बहाल कराने की मांग की है। साथ ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा केंदा घाट की बदहाल सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानियों और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
