हैदराबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी शनिवार को गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। शिल्पारामम से जयाभेरी ग्राउंड तक आयोजित इस रैली के दौरान तेलंगाना सरकार ने ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम की शुरुआत की। इस योजना का उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स और अन्य गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा, बीमा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
गिग वर्कर्स को मिलेगा अपने काम के डेटा का अधिकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कुछ समय पहले उनकी गिग वर्कर्स के साथ बैठक हुई थी, जिसमें श्रमिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखी थीं। उस दौरान उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया गया था, जिसे अब तेलंगाना सरकार अमल में ला रही है। राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी में डेटा सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। बड़ी कंपनियां डेटा के आधार पर अपना कारोबार चला रही हैं, लेकिन गिग वर्कर्स को अपने काम से संबंधित डेटा तक पहुंच नहीं मिल पाती थी। नई योजना के तहत श्रमिक अपने काम का पूरा डेटा देख सकेंगे और उस पर अपना अधिकार हासिल कर पाएंगे।
5 लाख का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
योजना के तहत गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, प्रत्येक डिलीवरी ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा श्रमिकों के बैंक खातों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी। राहुल गांधी के मुताबिक, यह राशि पहले गिग वर्कर्स बोर्ड के पास जमा होगी और इसके बाद सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
BREAKING: अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पकिस्तान की मुँह से छीनी जीत, 9वी बार जीता कप
शहरों में बनेंगे गिग वर्कर्स के लिए रेस्ट जोन
राहुल गांधी ने बताया कि तेलंगाना के विभिन्न शहरों में गिग वर्कर्स के लिए विशेष रेस्ट जोन विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर वाई-फाई, पार्किंग और आराम करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डिलीवरी पार्टनर्स यहां बैठकर आराम कर सकेंगे और जरूरत पडऩे पर सो भी सकेंगे।
नेहरू जयंती पर सेवादल एवं युवा कांग्रेस ने मरीजों को बांटे फल, वोरा और वर्मा पहुंचे जिला अस्पताल
बीजेपी और आरएसएस पर राहुल गांधी का निशाना
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर गिग वर्कर्स के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गिग वर्कर्स को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानती है। उनका उद्देश्य श्रमिकों को केवल कर्मचारी तक सीमित रखने के बजाय आर्थिक व्यवस्था में भागीदार बनाना है।
राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उनके साथ खड़ी है।

