कांकेर । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। कचरे के ढेर में फेंकी गई बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए इसे मौके पर छोड़ दिया था। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने का भी प्रयास किया, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉच्र्यूनर कार और उसके साथ चल रहे टाटा वैक्सीन वाहन को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गडिय़ा पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में पड़ी बोरियों की तलाशी ली। इस दौरान 400 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।
० तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रहे पुराने रास्ते
बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंचने के लिए केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों के संबंध में सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।
