मुंबई। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का बीता एपिसोड भावनाओं और दोस्ती के नाम रहा। घरवालों को उनके परिवार की ओर से खास ऑडियो मैसेज भेजे गए थे। हालांकि, इन संदेशों को सुनने के लिए कंटेस्टेंट्स को अपनी एक लाइफलाइन का त्याग करना था। इस टास्क में घरवालों के सामने अपने गेम और दोस्तों की खुशी में से किसी एक को चुनने की चुनौती थी। कई प्रतिभागियों ने अपनी रणनीति से ज्यादा रिश्तों को महत्व देते हुए दूसरों के लिए अपनी लाइफलाइन कुर्बान कर दी।
टास्क के दौरान सबसे पहले मनीष गोयल को काजी तौकीर के परिवार का संदेश मिला। मनीष ने अतिरिक्त लाइफलाइन हासिल करने का मौका छोड़कर काजी को उनका पारिवारिक संदेश सुनने दिया। इसके बाद कनिका मान के पिता का ऑडियो मैसेज गुल्लू को मिला। गुल्लू ने बिना देर किए अपनी लाइफलाइन छोड़ दी और कनिका को संदेश सुनने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि कनिका अक्सर अपने पिता के बारे में बात करती हैं और उनसे ज्यादा बातचीत भी नहीं हो पाती, इसलिए वह चाहेंगे कि कनिका अपने पिता का संदेश जरूर सुनें।
गुल्लू की बात सुनकर कनिका भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने गुल्लू को गले लगाकर उनका शुक्रिया अदा किया और कहा, ‘मैंने यह कमाया है यहां आकर।’ इसके बाद यंग के परिवार का ऑडियो मैसेज सुनाने का मौका कनिका को मिला। उन्होंने भी दरियादिली दिखाते हुए यंग को उनका संदेश सुनने दिया। परिवार की आवाज सुनकर यंग भी फफक-फफककर रो पड़े। इस तरह पूरे एपिसोड में दोस्ती, अपनापन और परिवार के प्रति भावनाओं के कई भावुक पल देखने को मिले।
