खैरागढ़ में विकास कार्यों का सचिव मुकेश बंसल ने लिया जायजा, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

Follow Us

खैरागढ़। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास, आमनेर नदी पर बन रहे उच्च स्तरीय पुल और सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों का पालन करते हुए सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

खैरागढ़ में 18.75 करोड़ रुपये की लागत से संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण पूरा हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक-ए में स्लैब और शटरिंग का काम जारी है, जबकि ब्लॉक-बी और सी में कॉलम स्तर तक निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस भवन को जून 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 3.04 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सर्किट हाउस का काम मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है।

सचिव ने खैरागढ़ बायपास पर आमनेर नदी में बन रहे उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा पांचों पियर का काम और छह में से तीन स्पैन की ढलाई प्रगति पर है। पुल को फरवरी 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही राज्य मार्ग क्रमांक-5 पर 10.40 किलोमीटर लंबाई में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य की समीक्षा की गई। सचिव ने करीब 10 किलोमीटर में डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में पेड़ों की कटाई तथा पाइपलाइन और बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने से जुड़ी बाधाओं को जल्द दूर करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता, अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।