खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के राज फतेह सिंह खेल मैदान में राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली विरासत और विकसित प्रदेश के संकल्प को दर्शाता है।
मंत्री बघेल ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी ली तथा विभिन्न कार्यक्रमों के उद्घाटन में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और विकास कार्यों में आम लोगों की भागीदारी जरूरी है।
समारोह में छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिली। लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की विविध परंपराओं और लोकजीवन को मंच पर उतारा। मंत्री बघेल ने प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों सहित सभी वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। मंत्री ने नागरिकों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता से राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

