सर्दियों के मौसम में ताजी हरी मेथी का स्वाद खाने का जायका बढ़ा देता है। इस मौसम में मेथी के पराठे और रोटियां खूब पसंद की जाती हैं। अगर आप रोजाना की रोटी और पराठे से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी एक बेहतरीन विकल्प है। बाजरे और गेहूं के आटे के साथ ताजी मेथी मिलाकर तैयार की जाने वाली यह रोटी स्वादिष्ट होने के साथ नाश्ते के लिए भी अच्छी रहती है। इस रेसिपी की खासियत है कि इसमें मेथी और मसालों के साथ दही और पनीर भी मिलाया जाता है। दही आटे को नरम बनाने में मदद करता है, जबकि पनीर से रोटी का स्वाद और बढ़ जाता है। वहीं, लहसुन, हरी मिर्च, अजवाइन और हरा धनिया इसमें शानदार खुशबू और जायका जोड़ते हैं। तो आइए जानते हैं बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी बनाने की आसान विधि।
बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी बनाने के लिए सामग्री
० बाजरे का आटा – 1 कप
० गेहूं का आटा – 1 कप
० ताजी मेथी की पत्तियां – 1 कप (बारीक कटी हुई)
० पनीर – आधा कप (कद्दूकस किया हुआ)
० दही – 2 बड़े चम्मच
० लहसुन – 4-5 कलियां (बारीक कटी हुई)
० हरी मिर्च – बारीक कटी हुई
० हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
० अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
० जीरा – आधा छोटा चम्मच
० नमक – स्वादानुसार
० पानी – जरूरत के अनुसार
० घी या तेल – रोटी सेंकने के लिए
बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी बनाने की विधि
1. आटा तैयार करें: सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बाजरे का आटा और गेहूं का आटा डालें। इसमें बारीक कटी मेथी की पत्तियां, कद्दूकस किया हुआ पनीर और दही मिला दें।
2. मसाले मिलाएं: अब इसमें बारीक कटा लहसुन, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद अजवाइन, जीरा और स्वादानुसार नमक मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
3. आटा गूंथ लें: सभी सामग्री को हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। अब जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत गीला।
4. आटे को दें आराम: आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और रोटियां बनाना आसान होगा।
5. रोटियां बेलें: अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। सूखे गेहूं के आटे की मदद से इन्हें बेल लें। अगर किनारों से रोटी टूटने लगे, तो हाथों से हल्का दबाकर ठीक कर लें। आप चाहें तो हाथों से थपथपाकर भी रोटी का आकार दे सकते हैं।
6. तवे पर सेंक लें: गैस पर तवा गर्म करें और उस पर तैयार रोटी डाल दें। मध्यम आंच पर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें। अब थोड़ा घी या तेल लगाकर रोटी को सुनहरा और कुरकुरा होने तक पका लें। इसी तरह बाकी आटे से भी रोटियां तैयार कर लें।
इन चीजों के साथ करें सर्व
गरमागरम बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी को तवे से उतारकर तुरंत परोसें। इसके साथ सफेद मक्खन, घर का बना दही, लहसुन की चटनी या हरी धनिया की चटनी का स्वाद शानदार लगता है। आप इसे आलू-गोभी, मिक्स वेज या अपनी पसंद की किसी भी मौसमी सब्जी के साथ भी खा सकते हैं। सर्दियों के नाश्ते के लिए यह स्वादिष्ट और अलग रेसिपी जरूर ट्राई करें।
