दिवाली से पहले दिल्ली में घुटने लगा दम, हवा बनी जानलेवा; कई इलाकों में AQI 400 के पार

Follow Us

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में दिवाली से पहले वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है और लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल होने लगा है। सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 के पार पहुंच गया। समीर ऐप के अनुसार, जहांगीरपुरी में सबसे अधिक 420 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं, पंजाबी बाग और रोहिणी में भी एक्यूआई 399 तक पहुंच गया।

सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, सुनीता विहार में एक्यूआई 370, सिरीफोर्ट में 354, तालकटोरा गार्डन में 322, उत्तम नगर में 310, विवेक विहार में 376, वजीरपुर में 322, ओखला फेज-2 में 350, पटपड़गंज में 357, पंजाबी बाग में 399, पूसा में 340, आरके पुरम में 370, रोहिणी में 399, मुद्रिका में 377, नजफगढ़ में 313, नांगलोई में 319 और नरेला में 375 दर्ज किया गया। इसके अलावा मंदिर मार्ग पर 340, नॉर्थ कैंपस (डीयू) में 359, आईआईटी दिल्ली में 337 और जहांगीरपुरी में 420 एक्यूआई रहा।

इसी तरह आईटीओ में 351, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 349, जेएनयू में 319, चांदनी चौक में 361, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 332, मथुरा रोड पर 334, द्वारका सेक्टर-8 में 357, अलीपुर में 382, अशोक विहार में 327, बवाना में 365 और बुराड़ी क्रॉसिंग पर 354 एक्यूआई दर्ज किया गया। हालांकि, आईजीआई एयरपोर्ट पर यह आंकड़ा 294, लोधी रोड पर 251 और नेहरू नगर में 289 रहा।

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए एक नवंबर से नए प्रतिबंध लागू किए गए हैं, लेकिन इन पाबंदियों के पहले ही दिन यानी रविवार को हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। इससे पहले दिल्ली में बारिश के कारण दो दिनों तक प्रदूषण से कुछ राहत मिली थी, लेकिन रविवार को स्थिति फिर बिगड़ गई। यह दिन न केवल मौजूदा सीजन का, बल्कि 12 जुलाई के बाद से सबसे अधिक प्रदूषित दिन दर्ज किया गया।

एक्यूआई की श्रेणियों में समझें हवा की स्थिति
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक को छह श्रेणियों में बांटा गया है। 0 से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है। इस लिहाज से दिल्ली के कई इलाकों में हवा बहुत खराब स्थिति में पहुंच चुकी है, जबकि जहांगीरपुरी में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।